रुड़की ब्लॉक में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन ब्लॉक के 253 पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नगर पंचायत अध्यक्षों और गांव प्रधानों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. राव अकरम ने बताया कि रुड़की ब्लॉक में इस बार करीब 54 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन बूथों पर करीब 38 हजार बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। अब 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. राव अकरम ने कहा कि पोलियो एक गंभीर और स्थायी दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी है जिससे बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर पोलियो वैक्सीन की खुराक दिलाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।