भगवानपुर में हुई विवाहिता की मौत के बाद थाने पहुंचे परिजन।
- फोटो : ROORKEE
नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मायके वालों ने ससुरालियों पर जहरीला पदार्थ देकर जान से मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग उठाई है।
थाना बहादराबाद के ग्राम भारापुर भौरी निवासी बालेशर ने भगवानपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी माला की शादी बीस दिन पूर्व भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को पति सहित ससुराल के लोगों दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से सब कुछ शादी में दिया था। आरोप है कि दहेज नहीं लाने पर बेटी के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि बीती रात ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरन जहरीला पदार्थ खिलाकर बेटी की हत्या कर दी। साथ ही उन्हें या पुलिस को बिना सूचना दिए ही दाह संस्कार कर दिया। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर पति सहित अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध हालात में नाबालिग घर से लापता
एक नाबालिग बृहस्पतिवार को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर युवती की तलाश करने की मांग की है। भगवानपुर के एक गांव निवासी किशोरी बृहस्पतिवार को घर से संदिग्ध परिस्थितियों मे लापता हो गई। पहले तो परिजनों ने नाबालिग की इधर-उधर तलाश की लेकिन पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है। संवाद