-----------
ड्यूटी पर दस्ताने और फेस शील्ड अनिवार्य
भगवानपुर में सात पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर की सख्ती
अधिकारियों ने अधीनस्थों को दिए नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। बॉर्डर पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को मास्क, फेस शील्ड और दस्ताने पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इस नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। कोताही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
भगवानपुर थाने के दो दरोगा और पांच पुलिसकर्मियों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधिकारी सख्त हो गए हैं। बॉर्डर पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। अब तक बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मी सिर्फ मास्क लगाकर ही ड्यूटी कर रहे थे, लेकिन अब अधिकारियों ने निर्देश जारी किए हैं कि बॉर्डर पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को मास्क के अलावा फेस शील्ड, हाथों में दस्ताने और सैनिटाइजर प्रयोग करना होगा। बाहर से आने वाले वाहन चालकों से पूछताछ और अनुमति देखते हुए विशेष सावधानी बरती जाए। अगर कोई पुलिसकर्मी बिना फेस शील्ड और दस्ताने के पाया गया तो कार्रवाई हो सकती है। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि बॉर्डर पर हर तरह के एहतियात अपनाकर ही पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से सुरक्षित रह सकते हैं।
--
12 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट नेगेटिव
पुलिस अधिकारियों की ओर से सभी थानों, कोतवाली, सीओ ऑफिस और एसपी देहात ऑफिस में तैनात स्टाफ के कोरोना टेस्ट कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसपी देहात कार्यालय में तैनात 12 पुलिसकर्मियों ने बुधवार को कोरोना टेस्ट कराया था। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। भगवानपुर थाने में तैनात जिन पुलिसकर्मियों के बृहस्पतिवार को सैंपल लिए गए हैं, उनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है।