सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी में एक पूर्व सैनिक को कुछ लोगों ने पीट दिया। घटना तब हुई जब पूर्व सैनिक अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था और आरोपी पक्ष बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर दुकान का सामान उतार रहा था। गाड़ी हटाने को कहने पर पूर्व सैनिक की पिटाई कर दी गई। तहरीर के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों का चालान कर दिया है।
राम सिंह बिष्ट पूर्व सैनिक हैं और दुर्गा कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। कॉलोनी में ही एक चक्की है। वहीं पास में एक दुकान का सामान बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी करके उतारा जा रहा था। उन्होंने जब गाड़ी वाले से कहा कि वह वाहन को किनारे कर ले तो गाड़ी वाले ने कुछ देर रुकने के लिए कह दिया।
काफी देर तक पूर्व सैनिक राम सिंह बच्चों के साथ वहां पर खड़े रहे। ऐसे में उनके बच्चों को स्कूल के लिए देर हो रही थी। तब उन्होंने फिर से गाड़ी हटाने के लिए कहा तो वह लोग आक्रोशित हो गए और राम सिंह पर हमला कर दिया। दो से तीन लोगों ने उन्हें बुरी तरह से पीटा और जमीन पर भी पटका। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। वहीं कॉलोनी के पूर्व सैनिक मिलकर शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। उधर, कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में आरोपियों का चालान कर दिया है।