सरकारी स्कूल में पढ़ रहे बच्चे अगर हिंदी के साथ ही इंग्लिश में भी एकाएक किसी अधिकारी के प्रश्नों के धड़ाधड़ में उत्तर दे रहे हों, तो आप भी चौक जाएंगे, लेकिन गोविंदपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, यहां पर शिक्षा का माहौल देखकर नायब तहसीलदार भी हैरान रह गए।
दरसअसल बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार पीतम सिंह अपने शीतकालीन भ्रमण के दौरान गोविंदपुर उर्फ वाजिदपुर गांव में गए थे। इस दौरान वह ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के लिए यहां स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिविर लगाकर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया तो यहां किसी इंग्लिश मीडिया के पब्लिक स्कूल जैसा माहौल दिखाई दिया। उन्होंने बच्चों का शिक्षण का स्तर जांचना शुरू किया तो वह हैरत में ही पड़ गए। उन्होंने बच्चों से अचानक से प्रश्न पूछने शुरू किए तो वह फर्राटे से उत्तर देते चले गए।
यही नहीं बच्चों ने इंग्लिश में पूछे गए सवालों का जवाब भी इंग्लिश में ही दिया। यह देखकर नायब तहसीलदार पीतम सिंह ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार, सहायक अध्यापक हेमा भारद्वाज तथा अंचला प्रधान की मेहनत की प्रशंसा की। अध्यापकों ने बताया कि कोई संस्था अगर सहयोग करेगी तो बच्चों को कंप्यूटर भी सिखाया जाएगा। पीतम सिंह ने बताया कि अन्य शिक्षकों के लिए यह विद्यालय एवं यहां के अध्यापक अंकुरणीय हैं, जिनसे सीख लेनी चाहिए। इसके अलावा गांव में सौ प्रतिशत शौचालय बनाने के निर्देश ग्राम विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से आए पांच हजार रुपये के चेक को भी बीर सिंह को दिया और ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना