फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क पर सामान ही नहीं अतिक्रमण कर रहे बिजली पोल भी हटेंगे

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। होली के बाद शहरभर में अतिक्रमण के खिलाफ मेगा अभियान चलेगा। इस दौरान प्रशासन की टीम सड़कों को न केवल व्यापारियों के सामान और रेहड़ी-ठेली से मुक्त कराएगी बल्कि अतिक्रमण की जद में आने वाले बिजली के खंभे भी हटवाए जाएंगे। सोमवार को एएसडीएम पूरण सिंह राणा ने व्यापारियों, पुलिस और यातायात पुलिस के अधिकारियों की बैठक लेकर यह निर्णय लिया। एएसडीएम ने व्यापारी संगठनों से होली से पहले खुद अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि इसके बाद किसी को रियायत नहीं दी जाएगी।
विज्ञापन

बता दें कि तहसील, पुलिस और नगर निगम प्रशासन की ओर से पिछले करीब दो वर्षों से शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कोई बड़ा अभियान नहीं चलाया गया है। इसके चलते शहर में जगह-जगह सड़कें संकरी होती जा रही हैं। बीटी गंज समेत अन्य बाजारों में दुकानदारों की ओर से सामान बाहर रखकर बेचे जाने से स्थिति और खराब हो गई है। इसके चलते कई बार वाहन तो दूर पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए एएसडीएम पूरण सिंह राणा ने सोमवार को व्यापारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई।
इस दौरान व्यापारियों और यातायात पुलिस से राय मांगी गई। एएसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि लॉकडाउन के बाद अब बाजारों की व्यवस्था पटरी पर आ रही है, जिससे अतिक्रमण भी बढ़ने लगा है। उन्होंने बताया कि तय हुआ है कि होली के बाद व्यापारी अपने सामान को सड़क से हटा लें। इसके बाद अभियान चलाकर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ शहर को व्यवस्थित करने और खूबसूरत बनाने के लिए कई बिंदुओं पर विचार विमर्श हुआ है। अभियान के साथ इन बिंदुओं पर साथ-साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में कई जगहों पर बिजली के खंभों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इन्हें रास्तों से हटवाकर शिफ्ट कराया जाएगा।
विज्ञापन

--
सड़क पर नहीं बिकेगी मछली
मेन बाजार में सपना टाकीज रोड पर अवैध रूप से सड़क पर मछली बाजार लग रहा है जबकि यहां व्यापार करने के लिए किसी के पास लाइसेंस नहीं है। एएसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि सड़क पर किसी को मछली बाजार लगाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। व्यापारियों को सड़क से अवैध दुकानों को हटाना होगा। व्यापारी चाहें तो मंगलौर ममछली मंडी में बिक्री कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम कोई अन्य जगह की व्यवस्था करता है, वहां इजाजत दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि होली के बाद इस बाजार को हटवाया जाएगा।
--
लाइसेंस के आधार पर चलेगा ई रिक्शा, तय होगा रूट
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि ई रिक्शा के कारण बाजारों में अतिक्रमण बढ़ रहा है। बाजार में कहीं पर भी रिक्शा खड़े होने से परेशानी होती है। इस पर एएसडीएम ने बताया कि ई रिक्शा के लाइसेंस चेक किए जाएंगे। सत्यापन के बाद यातायात पुलिस ई रिक्शा का रूट प्लान तैयार करेगी। तय रूट पर ई रिक्शा के संचालन की अनुमति दी जाएगी। अवैध रूप से पार्किंग बनाकर ई रिक्शा खड़ा करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
--
शहर की शान चार शेर भी चमकेंगे
शहर की शान चार चार शेरों पर पेंट कराया जाएगा। एएसडीएम ने बताया कि व्यापारियों की ओर से यह मुद्दा उठाया गया था। होली के बाद शेरों पर पेंटिंग कराई जाएगी ताकि गंगनहर के पास से गुजरने वाले लोगों सुखद अहसास हो।
--
खुलवाएं जाएंगे बंद पड़े टॉयलेट
एएसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि बैठक में व्यापारियों ने शिकायत की है कि नगर निगम की ओर से बनाए गए कई शौचालयों में ताले लग गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सभी टॉयलेट का निरीक्षण किया जाएगा। ताले खुलवाने के साथ सफाई के भी इंतजाम कराए जाएंगे।
--
लोडिंग अनलोडिंग रात आठ से सुबह दस बजे तक
मेन बाजार में अब दिन में दुकानदार वाहनों से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं कर सकेंगे, क्योंकि बाजार में बड़े वाहन पहुंचने से जाम लग रहा है। एएसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि सामान लोडिंग और अनलोडिंग का समय निर्धारित किया गया है। बाजार में रात आठ बजे के बाद और सुबह दस बजे से पहले ही लोडिंग-अनलोडिंग की जा सकेगी।
--
पहले चरण में यहां से हटेगा अतिक्रमण
गंगनहर के दोनों पुलों के दोनों ओर, बीटी गंज बाजार, मेन बाजार, मछली बाजार, सपना टाकीज रोड, सिविल लाइंस, अनाज मंडी, चाट बाजार के बाहर।
--
बैठक में ये रहे मौजूद
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष अरविंद कश्यप, महामंत्री कमल चावला, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष धीर सिंह, प्रदेश महासचिव नवीन गुलाटी, रामगोपाल कंसल, कोतवाली प्रभारी राजेश साह, यातायात उपनिरीक्षक योगेश सक्सेना, एलआईयू प्रभारी प्रदीप नेगी, प्रवीण मेंदीरत्ता, अजय गुप्ता, कविश मित्तल, दीपक अरोड़ा, सार्थक छाबड़ा, रश्मि चौधरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें