खनन से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर लगने से बिजली की लाइन टूट गई। इससे करीब डेढ़ सौ परिवारों के घरों की बिजली गुल हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
बुधवार की सुबह खनन से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली मोहल्ला पठानपुरा में पहुंची। ट्रैक्टर ट्रॉली ने सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल में टक्कर मार दी। इससे पोल टूटकर सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद मौके से चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। गनीमत रही कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय कोई आसपास नहीं था। वहीं, पोल टूटने से मोहल्ले के करीब डेढ़ सौ परिवारों की बिजली गुल हो गई। सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही आसपास चालक की तलाश की। कर्मचारियों की ओर से मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।