पांच वर्षीय बच्ची से अश्लील हरकत करने के आरोप में फरार बुजुर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 21 सितंबर को उसकी पांच वर्षीय बेटी घर के पास खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला एक अधेड़ व्यक्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर निर्माणाधीन मकान में ले गया। जब परिजन बच्ची की तलाश करते हुए वहां पहुंचे तो आरोपी उसे गलत तरीके से छूता हुआ मिला।
पूछताछ करने पर बच्ची ने बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ इसी तरह की हरकत कर चुका है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक दीपक चौधरी और प्रियंका नेगी ने देर रात आरोपी को दबिश देकर एक ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।