कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश के कारण दो पक्षों के बीच बवाल हो गया। खूनी संघर्ष के दौरान जमकर पथराव हुआ और हवाई फायरिंग भी की गई जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाते हुए मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया है।
गांव में दो दिन पूर्व नाली सफाई के लिए दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसमें पुलिस ने एक पक्ष के युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया था। इसके बाद रविवार देर शाम को यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब शांतिभंग में गिरफ्तार जमानत पर छूटकर गांव पहुंचा और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव किया गया और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मंगलौर पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उपद्रव कर रहे आठ लोगों को मौके से ही हिरासत में ले लिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फायरिंग को लेकर उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। जावेद उर्फ भूरा, अफजल, आसिफ, शाहरुन, सालिम, शहजाद, सलमान और शाह कमर निवासी लिब्बरहेड़ी का शांतिभंग में चालान किया गया है।