कोतवाली क्षेत्र में नाली विवाद में कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए एक घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने युवती के बाल पकड़कर घसीटा और उसके कपड़े फाड़कर घर में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर मौजूद मोहल्ले के लोगों ने जैसे-तैसे युवती को बचाया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी व्यक्ति ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे नाली के पुराने विवाद के चलते कालू पक्ष के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर जबरन उसके घर में घुस आए। उस समय वह घर पर नहीं थे और बेटी घर पर अकेली थी। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बेटी ने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। बाल खींचकर उसे जमीन पर घसीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। यही नहीं, आरोपियों ने घर के अंदर तोड़फोड़ भी की। शोर सुनकर मोहल्ले के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से युवती को उनके चंगुल से छुड़ाया। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि तहरीर के आधार पर कालू, रेशब और सादिक कोतवाली मंगलौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।