संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। शहर के गड्ढे सड़क की सूरत ही नहीं। बल्कि लोगों को भी जख्म और उनकी सूरत भी बिगाड़ रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सामने आया है। तेजाब की बोतल लेकर जा रहे एक दूध बेचने वाले की बाइक का पहिया गड्ढे में जा गिरा और बाइक अनियंत्रित हो गई। इस बीच जमीन पर गिरी बोतल का ढक्कन खुल गया और तेजाब छलक कर ई-रिक्शा चालक के चेहरे पर जा गिरा, इससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। घायल को हायर सेंटर रेफर किया है।
रविवार की दोपहर एक दूध बेचने वाला बाइक से जा रहा था। बाइक पर एक तेजाब की बोतल भी टंगी थी। जैसे ही वह नेहरू स्टेडियम के पास पहुंचा तो बाइक का पहिया एक गड्ढे में जा गिरा और बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बाइक पर टंगी तेजाब की बोतल भी सड़क पर जा गिरी।
इस बीच बोतल से एक तेज वाहन होकर गुजरा तो बोतल से तेजाब इतनी स्पीड से निकला की वह सड़क से ई-रिक्शा लेकर गुजर रहे लाखन निवासी मकतूलपुरी के चेहरे पर जा गिरा। जिससे वह निवासी गंभीर रूप से झुलस गया।
आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस बीच पूरी घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घायल ई-रिक्शा चालक के परिजनों से जानकारी ली जा रही है।