रुड़की। दहेज उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर डीआरडीओ देहरादून में तैनात एक वैज्ञानिक पर केस दर्ज किया है। वैज्ञानिक की पत्नी ने ससुरालियों पर दहेज में दस लाख रुपये मांगने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि प्रीत विहार कॉलोनी रुड़की निवासी एक विवाहिता ने तहरीर देकर बताया कि 15 जनवरी 2019 को उसकी शादी सैनिक कॉलोनी, रुड़की निवासी और डीआरडीओ देहरादून में वैज्ञानिक के पद पर तैनात अनुराग से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में दस लाख और मांगने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इस बीच विवाहिता की ओर से महिला हेल्प लाइन में शिकायत की गई। वहां पर दोनों की काउंसिलिंग कराई गई, लेकिन बात नहीं बनी। महिला हेल्प लाइन ने केस दर्ज करने की संस्तुति कर मामला कोतवाली में भेजा था। उन्होंने बताया कि पति अनुराग, ससुर जियालाल, सास सविता और देवर अतुल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है। उधर, रुड़की के श्यामनगर निवासी एक महिला ने पति और ससुरालियों पर दहेज में लाखों रुपये मांगने का आरोप लगाया। उसने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया है। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि श्यामनगर निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 29 अप्रैल 2017 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराली दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने लगे थे। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर पश्चिमी अंबर तालाब निवासी महिला के पति विशाल समेत ससुर अशोक कुमार और सास के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।