खानपुर। पूर्व प्रधान के बेटे के घर से चोरों ने लाखों रुपये के सोने के आभूषण व पांच हजार की नकदी चुरा ली। वहीं बरामदे में सो रही महिला के कानों से कुंडल भी झटक कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
खानपुर थाना क्षेत्र के न्यामतपुर गांव के पूर्व प्रधान रफल सिंह का बेटा आशु रोजमर्रा की तरह सोमवार की रात को परिवार के साथ घर के बरामदे में सोया था। रात के समय चोर उसके मकान में घुस गए। वे अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने का गले का सेट, एक मंगलसूत्र, सोने का एक लॉकेट, सोने की अंगूठी व पांच हजार की नकदी चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी बच्चों की मिट्टी की गुल्लक तोड़कर उसमें से निकले करीब दो हजार की चिल्लर चोरी कर लिए। निकलते समय बरामदे में सो रही आशु की पत्नी के कानों के कुंडल झटक लिए। पिंकी की चीख सुनकर परिवार के लोग उठे तो चोरी का पता चला। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी देर तक घर के आसपास चोरों की तलाश की, लेकिन चोर खेतों के रास्ते फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी चोरों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चला। उधर, गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी ब्रह्मदत्त बिजल्वाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।