दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के दो साल बाद ही पति ने दूसरी शादी कर ली और पहली पत्नी से तीन बार तलाक कहकर रिश्ता तोड़ लिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी सहराना ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका निकाह दो साल पहले ज्वालापुर के इस्लाम नगर मोहल्ला निवासी समीर पुत्र सगीर के साथ हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि उनके ससुराल वाले अक्सर कम दहेज लाने का ताना मारते रहते थे। उन्होंने इसकी जानकारी पिता को दी। कुछ दिन बाद संभ्रांत लोगों की पंचायत आयोजित की उस समय ससुरालियों ने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का वादा किया था, लेकिन कुछ दिनों बाद उन्होंने फिर से विवाहिता को परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पति ने विवाहिता और उसके परिवार वालों को बताए बिना ही दूसरा निकाह कर लिया। दूसरी शादी का पता चलने पर विवाहिता ने पति से विरोध जताया तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 29 अगस्त को पति ने बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और गाड़ी में बैठाकर जबरन सुल्तानपुर छोड़ गए। साथ ही तीन तलाक कहकर उससे रिश्ता तोड़ दिया। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर उसके पति समीर पुत्र सगीर, सास किश्वरी, ससुर सगीर, ननद शिबा और नगमा, देवर सोनू उर्फ फैसल निवासी इस्लामनगर ज्वालापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।