लालचंदवाला गांव में दो परिवारों के बीच संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष के आठ और दूसरे पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
लालचंदवाला गांव में दो पक्षों के बीच काफी पहले से रंजिश चल रही है। इस मामले में एक पक्ष के महिपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पांच अगस्त को अपने घर के परिसर में बने मंदिर में पूजा कर रहा था। आरोप है कि सोनू, धर्मेन्द्र, उर्फ काला,सुमित, सतबीर, सचिन, ललित,संदीप, निवासीगण लालचंदवाला और सोनू निवासी दाबकी ने गाली-गलौज कर हमला कर दिया।
शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर आ गए। उन्हें देखकर आरोपी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के सोनू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पांच अगस्त को अपने खेत से घर आ रहा था। आरोप है कि इसी दौरान महीपाल, विजयपाल, रामकुमार, नितिन, अक्षय, नितिश, दयाराम, अमित और जोनी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने क्राॅस मुकदमा दर्ज किया है।