कोतवाली परिसर में माल निस्तारण अभियान के तहत वर्षों से लंबित पड़े माल के निस्तारण की कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न की गई। न्यायालय रुड़की के आदेशानुसार वर्ष 2011 के एक पुराने मामले से संबंधित सरिये की खुली नीलामी कराई गई। इस दौरान 36 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया और 5.31 लाख की उच्चतम बोली पर नीलामी पूरी की गई।
वर्ष 2011 में कोतवाली मंगलौर में एक मामला दर्ज किया गया था। इस मामले से संबंधित सरिया लंबे समय से पुलिस परिसर में रखा हुआ था। इसके निस्तारण के लिए न्यायालय की ओर से एक विशेष कमेटी का गठन किया गया था। मंगलवार को आयोजित नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए कमेटी के सदस्य क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनय चौधरी, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी और एसएसआई मनोज गैरोला मौजूद रहे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुई बोली में बिझौली निवासी नूर आलम ने सर्वाधिक 5.31 लाख रुपये की बोली लगाई। इसके बाद कमेटी ने नीलामी को उनके पक्ष में अंतिम रूप दे दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से अब इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।