भगवानपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत तेलपुरा में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी से गंदा और बदबूदार पानी आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सप्लाई किया जा रहा पानी पीने योग्य नहीं है और उससे दुर्गंध उठ रही है। इससे लोगों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीण मेघपाल सैनी, ओमकार चौहान, प्रदीप कुमार, विपिन कुमार, अरुण चौहान, पंकज सैनी, विकास कुमार और मोहित कुमार आदि ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पेयजल सुविधा के लिए पानी की टंकी बनाई गई थी ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। पिछले कुछ समय से टंकी से आ रहा पानी गंदा और बदबूदार है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पानी में मिट्टी और कचरा आ चुका है जिसके कारण लोग इस पानी को पीने से बच रहे हैं। मजबूरी में कई परिवारों को हैंडपंप और अन्य स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द पानी की जांच कराने और टंकी की साफ-सफाई कराकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।