भगवानपुर बीडी इंटर कालेज में शिक्षिका के प्रमाण पत्र की जांच करते देहरादून से आए उप निदेशक जगमोह?
- फोटो : ROORKEE
एसआईटी की जांच में फर्जी पाए गए बीडी इंटर कॉलेज की शिक्षिका के प्रमाणपत्रों की जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा उप निदेशक कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षिका को भी अपने सभी दस्तावेजों के साथ बुलाया। जबकि शिकायतकर्ताओं को भी मौके पर बुलाया गया था। हालांकि, एसआईटी की जांच के आधार पर सीईओ शिक्षिका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए कॉलेज प्रबंधक को पत्र लिख चुके हैं।
भगवानपुर के ग्राम रुहालकी दयालपुर निवासी महेंद्र सिंह व ग्राम रायपुर निवासी रोशनलाल सहित चार लोगों ने करीब छह साल पहले भगवानपुर के बीडी इंटर कॉलेज की शिक्षिका पारुल के प्रमाणपत्रों को फर्जी बताते हुए अधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद एसआईटी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षिका के प्रमाणपत्रों की जांच की। एसआईटी की जांच में शिक्षिका के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। एसआईटी ने जांच रिपोर्ट सीईओ को सौंप दी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सीईओ ने स्कूल प्रबंधक को शिक्षिका के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इस मामले में शिक्षिका ने अपना पक्ष रखते हुए जांच शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से कराने की मांग की थी। शिक्षिका की मांग पर बृहस्पतिवार को देहरादून से माध्यमिक शिक्षा के उपनिदेशक जगमोहन सोनी कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने प्रमाणपत्रों की जांच करने के लिए शिक्षिका को अपने सभी दस्तावेजों के साथ कॉलेज में तलब किया। उपनिदेशक जगमोहन सोनी ने शिकायतकर्ता महेंद्र सिंह व रोशनलाल को भी मौके पर बुलाकर उनसे भी प्रमाणपत्रों के संबंध में जानकारी ली। दोनों पक्षों के सामने उन्होंने सभी दस्तावेजों की गहनता से जांच की। उन्होंने बताया कि शिक्षिका के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर कॉलेज मैनेजर उमेश त्यागी, कॉलेज प्रधानाचार्य संजय गर्ग आदि मौजूद रहे।