लक्सर। गन्ना विकास परिषद के पर्यवेक्षक के साथ किसानों के गाली गलौज और मारपीट करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को किसानों की तत्काल गिरफ्तारी किए जाने की मांग को लेकर पर्यवेक्षकों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया।
बीते सोमवार लक्सर गन्ना विकास परिषद में तैनात गन्ना पर्यवेक्षक ब्रिजेश के साथ कुआंखेड़ा गांव निवासी किसान की कहासुनी हो गई थी। इस पर किसान ने अपने साथी के साथ मिलकर गन्ना पर्यवेक्षक के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी थी तथा सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए थे। मंगलवार को गन्ना विकास परिषद के सभी पर्यवेक्षकों ने मारपीट के विरोध में तथा किसानों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। उनका कहना था कि ऐसे में कोई भी कर्मचारी गांव में जाकर काम करने से कतराएगा।
धरने पर बैठने वालों में वीरेंद्र मौर्य, दीपक राठी, कृष्णपाल सिंह, अंकित कुमार, विजय कुमार,अशोककुमार, रहीस अहमद, योगेंद्र सिंह, गुफरान अली, मनोज धारीवाल, सहेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।