ब्रह्मपुर बिजलीघर के फीडर की लाइन को ठीक करने खंभे पर चढ़े युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक ठेकेदार के अधीन काम करने वाले लाइनमैन के साथ बतौर हेल्पर काम करने वाला बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों ने ऊर्जा निगम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है जबकि ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार युवक बिना शटडाउन लिए लाइन पर चढ़ा।
नागल निवासी सागर (19) ठेकेदार के अंडर में काम करने वाले एक लाइनमैन के साथ चार दिन से बतौर हेल्पर काम कर रहा था। मंगलवार शाम आई तेज हवा के चलते ब्रह्मपुर बिजलीघर के सब स्टेशन फीडर की 11केवी लाइन बंद हो गई थी। इसके बाद वहां की सप्लाई किसी दूसरी लाइन से चालू कर दी गई। इस लाइन व हवा से आए अन्य फाल्ट को ठीक करने के लिए लाइनमैन क्षेत्र में गया था। बुधवार सुबह करीब दस बजे लाइनमैन के साथ गया सागर लाइन को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया। जैसे ही उसने लाइन को छुआ तो उसे करंट लग गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान करंट लगने से सब स्टेशन फीडर ट्रिप हो गया। लाइनमैन ने तुरंत बिजलीघर फोन कर लाइन बंद करवाई। इसके बाद युवक को खंभे से नीचे उतारा। घटना के बाद लाइनमैन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि बिना शटडाउन लिए सागर को लाइन पर चढ़ाया गया। वहीं मामले में ऊर्जा निगम की अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल ने बताया कि सागर नाम का विभाग में रजिस्टर्ड नहीं है। न ही वह ठेकेदार के अंडर में काम कर रहा था। युवक या लाइनमैन ने ही काम शुरू करने से पहले शटडाउन नहीं लिया। युवक की मौत का मामला गंभीर है। इसके लिए एक टीम गठित की जा रही है। ये टीम पूरे पहलुओं पर जांच कर रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।