मंगलौर क्षेत्र के कुमराड़ी गांव में हुई मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती घायल युवक।
- फोटो : ROORKEE
मंगलौर। एक ग्रामीण को तालाब पर अतिक्रमण का विरोध करना भारी पड़ गया। अतिक्रमणकारियों ने उसके भाई और मां पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला बोल दिया। मारपीट में उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के कुमराड़ी गांव निवासी सलमान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के कुछ लोगों ने तालाब पर अतिक्रमण कर मकान बना लिए हैं। इसका वह काफी समय से विरोध करते आ रहे हैं। आरोप है कि 16 अगस्त की रात तालाब पर अतिक्रमण करने वाले चार लोग उनके घर में घुस आए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उनकी मां के साथ मारपीट कर दी। आसपास के लोगों को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। उनकी मां और भाई फिरोज शिकायत करने कोतवाली गए थे। कोतवाली से लौटते समय चारों ने फिर से रास्ते में रोककर हमला कर दिया, जिससे फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर हालत में उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट बताते हुए ऑपरेशन किया है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी/एसएसआई डीएस रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर सावेज, मास्टर इकराम, कामिल और शाहरुख निवासी कुमराड़ी के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।