बवाल के बाद सुरक्षा की दृष्टि से डाडा जलालपुर में ईद पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही पुलिस मस्जिद से लेकर पूरे गांव में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारी भी ईद के दिन गांव में डेरा डालेंगे और ग्रामीणों से वार्ता करेंगे। साथ ही ईद के दिन सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन के जरिए नजर रखी जाएगी।
डाडा जलालपुर में 16 अप्रैल की रात हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा के दौरान बवाल हो गया था। बवाल से गांव से लेकर आसपास के क्षेत्र में तनाव फैल गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कई लोगों की गिरफ्तार कर जेल भेजा था। साथ ही डीआईजी करण सिंह नगन्याल से लेकर एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और जिलाधिकारी ने गांव में पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। इस बीच महापंचायत के एलान को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई थी। सुप्रीम कोर्ट के महापंचायत को टालने के आदेश के बाद गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। पुलिस की सख्ती के बाद महापंचायत नहीं हुई थी। तभी से गांव में पुलिस और पीएसी तैनात है। इस बीच ईद का त्योहार है जिसे लेकर पुलिस अधिकारी पूरी तरह से अलर्ट हैं। बवाल के बाद डाडा जलालपुर में ईद के दिन सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन के जरिए आसमान से नजर रखी जाएगी। साथ ही गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि ईद के दिन सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन से नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि लोगों से शांति बनाने की अपील भी की जा रही है।