साइबर ठगों ने एक शिक्षिका से बैंक अधिकारी बनकर खाते संबंधी जानकारी लेने के बाद हजारों की रकम साफ कर दी। शिक्षिका के पास मोबाइल पर मैसेज आया तो खाते से रकम निकाले जाने का पता चला। शिक्षिका की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानीपुरम निवासी अंजली ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया था कि वह बैंक अधिकारी बोल रहा है। बैंक की ओर से सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए बैंक ग्राहक से खाते संबंधी जानकारी मांग रहा है। उसकी बातों में आकर उन्होंने बैंक खाते और एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी दे दी। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग मैसेज आए। इसमें खाते से 19 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी थी। उन्होंने शनिवार को बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला कि दो अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की गई है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मामले को जांच के लिए साइबर सेल भेजा जा रहा है।