रुड़की। रिश्ता टूटने के बाद एक युवक ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। कोटा (राजस्थान) के इस युवक ने पहले तो युवती को फोन पर भली बुरी बातें कहीं। अब लगातार फोन पर अश्लील मैसेज भेज रहा है। तंग आकर युवती ने अपने परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने पुलिस में शिकायत की है।
शहर की एक युवती का रिश्ता करीब चार महीने पहले कोटा के एक युवक से तय हुआ था। इसके बीच युवती और युवक की परिवार के साथ एक दूसरे से मुलाकात भी हुई। मोबाइल पर भी एक दूसरे से बातचीत करते रहे। दो महीने पहले किसी बात पर दोनों परिवारों की बात नहीं बनी। इसके बाद उनका रिश्ता टूूट गया। युवक को रिश्ता टूटने की बात रास नहीं आई। उसने युवती को फोन पर कहासुनी कर दी। डांट फटकारने पर युवक बेशर्मी पर उतारू हो गया।
वह युवती के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने लगा। शुरुआत में युवती ने किसी को युवक की हरकत नहीं बताई। हरकतें बंद न होने पर आखिरकार उसने घरवालों को पूरी आपबीती बताई। इस पर परिजनों का पारा चढ़ गया। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली में युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस जांच में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।