लक्सर। खरीदे गए मोबाइल को वापस करने से इंकार करने पर ग्राहक दुकान से दो नए मोबाइल उठाकर फरार हो गए। दुकानदार ने उनका पीछा किया पर कुछ पता नहीं चला । दुकानदार ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
लक्सर कस्बे के वार्ड नंबर तीन की सभासद नीता के पति बिजेंद्र ने मोहल्ले में ही मोबाइल की दुकान कर रखी है। बताया गया है कि कई दिनों पहले क्षेत्र के ही युवक उसकी दुकान से एक मोबाइल खरीद कर ले गए थे। लेकिन इसके कई दिनों बाद दोनों युवक उसकी दुकान पर आए और मोबाइल वापस करने की बात कही, लेकिन बिजेंद्र ने मोबाइल पुराना होने की वजह से उसे वापस लेने से इंकार कर दिया। इस पर ग्राहकों व बिजेंद्र के बीच कहासुनी हो गई । बाद में राजीनामा हुआ कि खरीदे गए मोबाइल का डिब्बा व बिल देने पर वह उन्हें दूसरा मोबाइल दिया जाएगा। इसी बीच उक्त दोनों युवकों ने बिजेंद्र को दूसरा मोबाइल दिखाने के लिए कहा। इस पर बिजेंद्र ने दोनों युवकों को मोबाइल दिखाना शुरू कर दिया, लेकिन इसी बीच दोनों युवकों ने मौका पाकर काउंटर पर रखे दो नए मोबाइलों को उठा लिया और बाइक से फरार ीहो गए। इस पर बिजेंद्र ने शोर मचाया जिसे सुन कर आस पड़ोस के दुकानदार मौके पर आ गए तथा बिजेंद्र ने मोबाइल उठा कर भागने की जानकारी दी। बिजेंद्र व आसपास के दुकानदारों ने युवकों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन उनका कुछ अता पता नहीं चल सका। बिजेंद्र ने दोनों युवकों की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी है। उधर चौकी प्रभारी मनोज सिरोला ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।