अमर उजाला ब्यूरो
खानपुर।
खादर क्षेत्र के दल्लावाला पंचायत में गबन के मामले में नया मोड़ आ गया है । शिकायतकर्ता ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम को जांच कमेटी पर मनमानी करने, घोटालेबाजों का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए पत्र दिया है। ग्रामीणों ने जिले के किसी अन्य अीडीओ से जांच कराने की मांग की है।
पिछले दिनों खानपुर क्षेत्र के दल्लावाला गांव निवासी महिपाल, संदीप कुमार, सुभाष सिंह, अनिल कुमार, जितेंद्र, रामपाल सिंह, योगेश कुमार, रोहित कुमार, सुनीता, सविता देवी आदि ग्रामीणों ने मुख्य सचिव और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर ग्राम प्रधान, दो ग्राम विकास अधिकारियंों और खंड विकास अधिकारी पर धोखाधड़ी से कूटरचित फर्जी दस्तावेज तैयार करके अपने साथियों की मदद से ग्राम पंचायत में लाखों के सरकारी धन का गबन करने का आरोप लगाया था। तब बीडीओ शिवरानी चौहान ने मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी थी। जांच कमेटी में एबीडीओ सुखवीर सिंह सैनी, एडीपीओ सुबोध उनियाल और जेई रोशन लाल को शामिल किया गया था। मुख्य शिकायतकर्ता महिपाल ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम को पत्र देकर बताया कि शुक्रवार को जांच कमेटी गांव में जांच के लिए गई थी। लेकिन जांच कमेटी घोटालेबाजो का पक्ष ले रही है। शिकायतकर्ता महिपाल ने एसडीएम से जिले के किसी अन्य विकासखंड के अधिकारी से दल्लावाला ग्राम पंचायत में हुए गबन के मामले की जांच कराने की मांग की। इस पर एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने बीडीओ शिवरानी चौहान से मामले की आख्या तलब कर ली है।