ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। चोरी की कार मेरठ बेचने जा रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ की तो पता चला कि फर्जी चाबी बनाकर कार चोरी की थी और उसे मेरठ बेचने जा रहे थे। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित हरिद्वार-दिल्ली हाईवे स्थित रिनॉल्ट कार शोरूम के बाहर से नदीम निवासी रामपुर की चोरों ने कार चोरी कर ली थी। नदीम ने कार की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को नदीम ने कोतवाली पहुंचकर कार चोरी की तहरीर दी थी। पुलिस ने कार चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस कार की तलाश कर रही थी। इस बीच बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की गई कार को चार युवक ढंडेरी बाईपास से होकर मेरठ बेचने जा रहे हैं। इस पर पुलिस ढंडेरी बाईपास पर पहुंची और कार का इंतजार करने लगी। इस बीच पुलिस को एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार दौड़ा दी। पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ दूरी पर ही कार को रोक लिया।
इस बीच पिछली सीट पर बैठा एक युवक खिड़की खोलकर जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने कार में सवार अन्य तीन लोगों को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि चोरी की कार के साथ आजम पुत्र नियाजुल, सलमान पुत्र नसीम व तसलीम पुत्र निवासी पिरान कलियर को गिरफ्तार किया है। जबकि परवेज पुत्र खुर्शीद उर्फ चैंपियन निवासी पिरान कलियर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि सलमान ने ही नदीम को कार बेची थी और उसने कार की फर्जी चाबी बना रखा थी। इसके बाद कार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। इस दौरान पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसआई बारु सिंह चौहान, एसआई कुलदीप सिंह, एसआई अंकुर शर्मा, कांस्टेबल प्रवीन, विनोद, मनमोहन, रंगमोहन शामिल रहे।