पिरान कलियर। एक विवाहिता को उसके ससुराल वाले मारपीट कर मायके के बाहर छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता को 108 सेवा से अस्पताल पहुंचाया।
मुक़र्रबपुर निवासी जहूर आलम की 25 वर्षीय पुत्री की शादी करीब दो वर्ष पहले बहदराबाद थाना क्षेत्र के मरगूबपुर में हुई थीं। तभी से युवती के साथ उसके ससुराल वाले दहेज लाने के लिए मारपीट करते आ रहे थे। बताया गया कि कुछ माह पहले विवाहिता के माता-पिता का देहांत हो गया है। घर में उसका एक भाई है। करीब 15 दिन पहले कुछ प्रबुद्ध लोगों के कहने पर विवाहिता को उसके ससुरालवाले अपने साथ लिवा ले गए थे। रविवार को पति और ससुराल वाले विवाहिता के साथ मारपीट कर मुक़र्रबपुर गांव में मायके के घर के बाहर सड़क पर छोड़कर चले गए। विवाहिता के परिजनों ने घर के बाहर आकर देखा तो उनके होश उड़ गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से पीड़िता को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने कहा कि तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।