ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। लंढौरा स्थित एक फैक्ट्री में लाइट सही करते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। एक कर्मचारी को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे की गंभीर हालत बनी हुई है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। साथ ही शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित हरचंदपुर निजामपुर निवासी जसविंद्र (22) पुत्र महावीर सिंह और सतेंद्र कुमार (35) पुत्र ईशम सिंह लंढौरा स्थित गोल्ड प्लस ग्लास फैक्ट्री में काम करते हैं। शनिवार को दोनों फैक्ट्री परिसर में खराब लाइट सही करने के लिए सीढ़ी लेकर जा रहे थे। इस दौरान फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन की लाइन में सीढ़ी टकरा गई। सीढ़ी में करंट दौड़ने से दोनों बुरी तरह झुलस गए। शोर सुनकर फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। बुरी तरह झुलसे जसविंद्र और सतेंद्र को आननफानन में सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सतेंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि जसविंद्र की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां ग्रामीणों के साथ हंगामा करते हुए परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एसआई बह्मानंद काला ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अभी मामले में परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। उधर, बताया जा रहा है कि मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती जसविंद्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है।