ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक ग्रामीण को झांसा देकर उसके बैंक खाते से हजारों की रकम उड़ा दी। मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज देख ग्रामीण के होश उड़ गए। आननफानन में उसने अपना एटीएम कार्ड बंद करवाया और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पाड़ली गुर्जर निवासी खालिद ने तहरीर देकर बताया कि रविवार को उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया। साथ ही बताया कि बैंक की ओर से ग्राहकों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए खाते और एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी मांगी जा रही है। युवक ने कहा कि जानकारी देने के बाद आपके मोबाइल पर एक ओटीपी नंबर आएगा। वह नंबर अपने पास सुरक्षित रखना होगा।
झांसे में आकर खालिद ने उसे खाता और एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी दी। कुछ देर बाद ही उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें खाते से 47 हजार कटने की सूचना थी। यह देख खालिद के होश उड़ गए। आननफानन में उन्होंने अपना एटीएम कार्ड बंद कराया। साथ ही सोमवार को बैंक पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।