ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। एक महिला ने अपनी सास पर गला घोंटकर जान से मारने के प्रयास करने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि वह उसे घर में बंद कर मारपीट करती है। पति से शिकायत करने पर वह अनसुना कर देते हैं। महिला ने कार्रवाई न होने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी। पुलिस ने महिला को समझाकर किसी तरह शांत किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने उसके ससुराल वालों को कोतवाली बुलाकर दोबारा मारपीट करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी सास दहेज में कम सामान आने पर प्रताड़ित करने लगी। साथ ही अपने मायके से दहेज में और सामान लाने का दबाव बनाने लगी। आरोप है कि विरोध करने पर सास उसके साथ मारपीट करने लगी। उसने इसकी शिकायत अपने पति से की, लेकिन उन्होंने भी अनसुना कर दिया। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर सास लगातार उसके साथ मारपीट करती आ रही है। आरोप है कि शनिवार सुबह भी दहेज की मांग को लेकर सास ने झगड़ा शुरू कर कर दिया। महिला ने इसका विरोध किया तो उसने गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। उसने किसी तरह खुद को बचाकर मोबाइल पर अपने पति से शिकायत की, लेकिन उसने फोन काट दिया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि उसके ससुराल वालों को बुलाकर दोबार मारपीट करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके बाद महिला उनके साथ जाने के लिए राजी हो गई।