ब्यूरो/अमर उजाला, झबरेड़ा
क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और पुलिस खुलासे में नाकाम साबित हो रही है। ऐसे में एक ओर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं तो वहीं पीड़ित अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बीते साल दिसंबर में पांच गन्ना कोल्हुओं से बदमाश लाखों रुपये का माल समेटकर फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए थे, लेकिन आज तक सफलता हाथ नहीं लग पाई है। दिसंबर में ही शेरपुर खेलमऊ गांव में पांच घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। सबसे अधिक मुनेश के घर से करीब चार लाख की चोरी हुई थी। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन आज तक पुलिस की कार्रवाई इससे आगे नहीं बढ़ सकी। मुनेश एसपी देहात और एसएसपी के चक्कर काट रहे हैं। 14 जनवरी को मानकपुर में केहर सिंह के घर में भी चोरी हुई थी। बदमाश शादी के लिए रखा करीब पांच लाख का समान लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है। इसके अलावा मुलेवाला गांव में भी दो घरों में तीन फरवरी चोरी हुई, लेकिन इसका भी खुलाना नहीं हो पाया। ऐसे में पीड़ितों के अलावा ग्रामीणों में भी पुलिस और प्रशासन के पति रोष पनप रहा है। उधर, थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा का कहना है कि घटनाओं के खुलासे के प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।