चायल । चायल तहसील के ब्यूरो स्थित बालू खंड में माफिया ने फिर यमुना के धारा बदल दी है। जेसीबी लगाकर पानी में रास्ता बनवाकर परिवहन शुरू करा दिया है। माफियाओं के इस खेल से प्रशासन बेखबर है।
यमुना बालू घाट के उस पार प्रयागराज की सीमा में एक व्यक्ति के नाम बालू का पट्टा है। प्रयागराज के रास्ते परिवहन न हो पाने के कारण पट्टेधारक ब्यूर के रास्ते से परिवहन करा रहा है। इसके लिए पिछले दिनों बालू माफिया ने यमुना की बह रही धारा में सड़क बना डाली थी। जानकारी होने पर एसडीएम व खान निरीक्षक मौके पर पहुंचकर रोकी गई धारा को खुलवा दिया था।
इधर बीच मामला शांत हुआ तो माफिया ने गुरुवार की सुबह फिर जेसीबी लगाकर पानी में रास्ता बनवा दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसडीएम व खान निरीक्षक को दिया पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो सकी। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले में एसडीएम अनिल चतुर्वेदी का कहना है कि ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर दो बार रास्ता कटवाया जा चुका है। ऐसा है तो इस बार बालू कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिकंजा कसा जाएगा।
उमरांवा में जारी है नाव के सहारे अवैध खनन
मंझनपुर। महेवाघाट थाने के उमरांवा बालू घाट को पिछले दिनों जिलाधिकारी ने निरस्त कर दिया है। रायल्टी की किस्त नहीं जमा करने पर डीएम ने कार्रवाई करते हुए खनन करने की हिदायत भी दी है। इस दौरान घाट जाने वाले रास्ते को कटवाना प्रशासन भूल गया। इसके चलते कारोबारी नाव के सहारे खंड में बालू का अवैध खनन करते चले आ रहे हैं। हो रहे अवैध खनन से प्रति दिन हजारों रुपये के राजस्व का चूना लगाया जा रहा है।