ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक युवक को घर में बंधक बनाकर चेक पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करा लिया गया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर युवक ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी निवासी प्रवीण चंद गैरोला ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को उसके एक परिचित ने उसे उसे साकेत स्थित अपने घर बुलाया था। आरोप है कि परिचित ने घर पहुंचने पर उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद परिचित समेत चार अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और फिर एक लाख बीस हजार के चेक पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। आरोप है कि चेक पर हस्ताक्षर कराने के बाद उसके साथ फिर से मारपीट की गई। साथ ही धमकी दी गई कि यदि वह किसी को मामले की जानकारी देता है तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। एसएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शशांक वालिया, शबनम, सरोज रोशियान, दिलीप के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने और चेक पर जबरदस्ती हस्ताक्षर कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।