ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
बैंक अधिकारी बनकर महिला से उसके पति का बैंक एकाउंट नंबर पूछने बाद खाते से दस हजार रुपये उड़ा लिए गए। बैंक पहुंचकर युवक को खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली तो उसके होश उड़ गए। युवक ने पुलिस से बैंक खाते से पैसे निकलने की जानकारी दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, रहीमपुर निवासी जाहिद हसन ने तहरीर देकर बताया कि बीते बुधवार को वह बाहर गए थे। दोपहर करीब दो बजे उतनी पत्नी महरुबा को मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक से बोल रहा है। आपके पति का बैंक एकाउंट नंबर चाहिए नहीं तो उनका खाता बंद हो जाएगा। इस पर महिला ने कॉल करने वाले को एकाउंट नंबर बता दिया। शाम को जब जाहिद घर पहुंचे तो पत्नी ने पूरी बात बताई। बृहस्पतिवार को जाहिद बैंक पहुंचे तो कैशियर ने बताया कि उनके खाते से बुधवार को 9,999 रुपये निकाले गए हैं। यह सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक अधिकारियों के कहने पर उन्होंने बाकी की रकम खाते से निकाल ली। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।