भगवानपुर। ऑडिट करने पहुंचे एक एनआरआई की अचानक तबियत बिगड़ गई। जिसके चलते दवाई कंपनी के अधिकारी एनआरआई को चिकित्सालय ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही विदेशी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यूएसए निवासी जय प्रकाश सिंह हरिद्वार के एक होटल में रुका हुआ था। जिसने दस तारीख तक के लिए होटल को बुक करा रखा था। बुधवार को जय प्रकाश भगवानपुर की एक दवाई फैक्ट्री में ऑडिट करने पहुंचा था। इस दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके चलते दवाई फैक्ट्री के अधिकारी उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन अस्पताल में पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जिसके चलते भगवानपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, वहीं शव को पैनल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस दूतावास के माध्यम से मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही हैं। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि एनआरआई होने के कारण शव का पैनल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक मौत के कारणों का कुछ पता नहीं चल पाया है। पैनल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।