ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी किशोरी के पुलिस ने एसडीएम कोर्ट में बयान दर्ज कराए। यहां किशोरी ने माता-पिता के साथ जाने से साफ इनकार किशोरी कर दिया। इसके बाद एसडीएम के आदेश पर किशोरी को नारी निकेतन भेज दिया गया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हाल ही में एक शादी समारोह में किशोरी के भाई का उसके प्रेमी के साथ विवाद हो गया था। किशोरी के भाई की शिकायत पर पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लिया था। प्रेमी को पति बताते हुए किशोरी उसके साथ जाने की जिद कर रही थी। किशोरी ने परिजनों की बात मानने से भी इनकार कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने एसडीम कोर्ट में पेश कर उसके बयान दर्ज कराए। यहां किशोरी ने खुद को बालिग बताते हुए परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान किशोरी के परिजनों ने अपने अधिवक्ता सहदीप सिंह के साथ किशोरी के स्कूल के प्रमाणपत्र भी दिए। इसके आधार पर किशोरी की उम्र 16 साल से भी कमी निकली। लिहाजा एसडीएम सोहन सिंह ने किशोरी को नाबालिग देखते हुए उसे नारी निकेतन भेजने के आदेश कोतवाली पुलिस को दिए हैं। भिक्कमपुर चौकी प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि किशोरी को देहरादून स्थित नारी निकेतन भेज दिया गया है।