ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। कार से मुजफ्फरनगर जा रहे एक फौजी की कार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं विरोध करने पर फौजी के साथ मारपीट कर दी। शोर मचाने पर मारपीट करने वाले मौके से फरार हो गए। फौजी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। फौजी ने एक टेंपो चालक व उसके साथियों पर पुरानी रंजिश में मारपीट व तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित आदर्शनगर निवासी प्रशांत रिटायर फौजी है। वह वर्तमान में मुजफ्फरनगर में एक कंपनी में काम करते हैं। करीब दो साल पहले एक टेंपो चालकों ने उनके परिचित के साथ मारपीट की थी। इसमें टेंपो चालकों के खिलाफ उन्होंने गवाही दी थी। आरोप है कि तभी से टेंपो चालक उनके रंजिश रखता आ रहा है। शनिवार को वह कार से मुजफ्फरनगर कंपनी में जा रहे थे। जैसे ही वह मलकपुर चुंगी पर पहुंचे तो आरोपी टेंपो चालक ने अपने साथियों के साथ उनकी कार घेर ली और गाली गलौज की। विरोध करने पर उक्त लोगों ने मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख टेंपो चालक अपने साथियों के फरार हो गया। पीड़ित ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। साथ ही अपनी जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।