ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
बैंक में पैसे जमा करने आए कारोबारी से हजारों की टप्पेबाजी करने वाली दोनों महिलाओं की पहचान हो गई है। फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान कर पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। दोनों ने पहले भी टप्पेबाजी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरोह में महिलाओं के साथ पुरुष भी शामिल हैं और रुड़की से लेकर हरिद्वार तक टप्पेबाजी करते हैं।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुभाष नगर निवासी मुनेश सहगल जादूगर रोड स्थित पीएनबी में 28 दिसंबर को तीन लाख रुपये जमा करने आए थे। अभी वह काउंटर पर खड़े होकर फार्म भर रहे थे कि इसी बीच किसी ने उनके हाथ में लटक रहे पॉली बैग में ब्लेड मारकर 60 हजार रुपये निकाल लिए। रकम गिनते वक्त 60 हजार कम होने और पॉली बैग में कट देख उन्हें टप्पेबाजी का शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो महिलाएं टप्पेबाजी करतीं नजर आई थीं।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश शुरू की थी। साथ ही आसपास के थानों में दोनों की फोटो भेज उनका पता लगाने में सहयोग मांगा था। फुटेज के आधार पर सीआईयू (क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट) रुड़की ने महिलाओं की पहचान कर ली। साथ ही यह भी पता चला कि दोनों महिलाओं के साथ पुरुष भी गिरोह में शामिल हैं। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि दोनों महिलाओं की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। दोनों महिलाओं के साथ पुरुषों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।