रुड़की। बेलड़ा गांव में दो समुदायों के लोगों में बवाल होने की सूचना से पुलिस में अफरातफरी मच गई। आननफानन में भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और मामले की जानकारी ली। जहां मामला बरात में मारपीट का निकला। पुलिस ने मारपीट कर रहे बरातियों को किसी तरह समझाकर शांत कराया। उधर, बवाल की सूचना झूठी मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा गांव में किसी ने वायरलेस सेट पर सूचना दी कि गांव में दो समुदायों के लोगों में विवाद हो गया है। विवाद ने बवाल का रूप ले लिया है, जिससे गांव में तनाव बना हुआ है। वायरलेस सेट पर बवाल की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल बेलड़ा गांव पहुंचा और मामले की जानकारी ली। यहां ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कोई विवाद नहीं हुआ है। बवाल की सूचना झूठी दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मुजफ्फरनगर से एक बरात आई है, उसमें विवाद हो रहा है। पुलिस ने आपस में झगड़ रहे बरातियों को किसी तरह समझाकर शांत किया। साथ ही विवाद करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद जाकर मामला शांत हो पाया। वहीं, बवाल की सूचना झूठी मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामला बरात में विवाद का था। कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे।