ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
रोडवेज बस से हरिद्वार जा रहे एक युवक का बैग टप्पेबाजों ने उड़ा लिया। बैग चोरी होने पर युवक ने परिचालक पर लापरवाही का आरोप लगाकर बस में जमकर हंगामा किया। किसी तरह यात्रियों ने समझाकर उसे शांत किया। इसके बाद युवक ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
सहारनपुर के सुभाषनगर निवासी अभिषेक सिंह बृहस्पतिवार को रोडवेज बस से हरिद्वार जा रहा थे। जैसे ही बस रुड़की के पास पहुंची तो रामपुर चुंगी पर कुछ सवारियां उतरने लगीं। इसी बीच अभिषेक ने अपना बैग देखा तो वह गायब था। उसने बस में बैग की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही परिचालक पर आरोप लगाया कि बैग की निगरानी करने के लिए बोला था। बैग परिचालक की सीट के नीचे रखा था। अन्य यात्रियों ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत कराया। साथ ही कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। इसके बाद वह अभिषेक कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर बताया कि बैग में एक लैपटॉप, पढ़ाई के कागज समेत एक मोबाइल चार्जर और कुछ कपड़े थे। पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि युवक मौखिक शिकायत करने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना हो गया।