ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर। पुलिस और फ्लाइंग स्क्वाइड टीम ने संयुक्त रूप से बार्डर पर चेकिंग करते हुए एक कार से 90 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने नगदी को जमा करते हुए कार को सीज कर दिया है।
रविवार को भगवानपुर थाना पुलिस व फ्लाइंग स्क्वाइड टीम ने सहारनपुर-भगवानपुर मार्ग पर तेज्जूपुर के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक कार को चेकिंग के लिए रोका गया। चेकिंग में टीम को कार से 90 हजार रुपये बरामद हुए। कार सवार विजय कुमार पुत्र रफल सिंह गांव सफीपुर थाना गंगनहर ने पूछताछ में बताया कि उनका क्षेत्र में ही शराब की दुकान है। जहां से वह पैसे लेकर आया है। इसके बाद टीम ने मामले की सूचना इनकम टैक्स को दी है। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि कार को सीज करते हुए नगदी को जमा कराया गया है। टीम में एसआई यशपाल वालिया, मुकेश कुमार, विनोद सिंह आदि शामिल रहे। चुनाव आचार संहिता के दौरान यह कोई पहला मौका नहीं है, जब आचार संहिता में पचास हजार से अधिक की नगदी बरामद हुई हो। झबरेड़ा में एक कार से 19 लाख व लक्सर में भी लाखों की रकम पकड़ी जा चुकी है।