ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोरी की मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे किशोरी के पिता गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र के मुजफ्फराबाद निवासी वेदपाल भगवानपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। वह कस्बे में ही किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। शनिवार रात करीब सात बजे वह मुजफ्फराबाद से बाइक से अपनी 16 वर्षीय बेटी पूूजा के साथ भगवानपुर आ रहे थे। जैसे ही वह महाड़ी के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में पूजा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि देवपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर एसओ संजीव थपलियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देवपाल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही किशोरी के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार को परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। एसओ ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तरफ से तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।