ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
किराना की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं दुकान का सामान भी चोरों ने इधर-उधर फेंक दिया। दुकान के पास ही खेत में चोरी का कुछ सामान बिखरा मिला। दुकानदार ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। दुकानदार की ओर से चोरी की तहरीर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सलेमपुर में मास्टर नवीन कुमार की परचून की दुकान है। शुक्रवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर गए थे। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोरी का पता शनिवार सुबह तब चला, जब वह दुकान खोलने पहुंचे और शटर का ताला टूटा देखा। साथ ही दुकान का शटर खुला हुआ था। उन्होंने दुकान का शटर खोलकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोरी की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पास के ही खेत में दुकान से चोरी का कुछ सामान पड़ा देखा। दुकानदार ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस दुकान पहुंची और मौका मुआयना किया। दुकानदार ने बताया कि चोर उनकी दुकान से करीब 50 हजार का सामान ले गए हैं। कोतवाली प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।