रुड़की। यूपी पुलिस इन दिनों बदमाशों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। प्रतिदिन कहीं न कहीं एनकाउंटर कर रही हैं। इस खौफ के चलते सहारनपुर, बिजनौर और मुजफ्फरगनर के कई इनामी उत्तराखंड स्थित अपनी रिश्तेदारों में शरण लेने पहुंचने लगे हैं। हरिद्वार जिले के कई अपराधी जो यूपी में रहकर अपराध करते हैं इन दिनों अपने-अपने घर लौट आए हैं। इस पर स्थानीय पुलिस अधिकारी सतर्क हो गई है। साथ ही अपराधियों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
तीन दिन पहले अलीगढ़ में मंगलौर के मुंडलाना निवासी रमजानी को भी पुलिस ने मार गिराया। यूपी में चल रहे एनकाउंटर परेड का असर रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में भी दिख रहा है। सूत्रों की मानें तो कई ऐसे अपराधी जो पश्चिमी यूपी के बार्डर से जुड़े क्षेत्र के इनामी हैं वे जान बचाने के लिए इन दिनों उत्तराखंड में अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं। भगवानपुर से सटे घाड़ क्षेत्र के एक गांव में सहारनपुर का एक अपराधी पिछले कुछ दिनों से मेहमानदारी में आया हुआ है। इसी तरह की सूचनाएं झबरेड़ा और मंगलौर से सटे कुछ गांवों से भी मिली है। वर्ष 2000 में राज्य गठन से पहले संयुक्त यूपी के समय हरिद्वार और पश्चिमी यूपी एक ही परिवेश था। इसके चलते पश्चिमी यूपी के लोगों की काफी रिश्तेदारियां आसपास के इलाकों में हैं। पांच साल पहले मुजफ्फरनगर में हुए दंगों में काफी लोगों ने यहां आकर शरण ली थी। इसके अलावा विक्की त्यागी समेत कई अपराधी उत्तराखंड में स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लेते रहे हैं। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि यदि इस तरह की कोई सूचना मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड पुलिस एक दूसरे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर संयुक्त कार्रवाई पहले से कर रही है।