ब्यूरो/अमर उजाला, पिरान कलियर। पेपर देने जा रही नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और काटने के मामले में पुलिस ने आरोपी पर छेड़छाड़ और पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अपने परिजनों के साथ एक भट्टे पर रहकर काम करता है।
कलियर थाना क्षेत्र स्थित एक ग्रामीण की बेटी पास के ही एक गांव में कक्षा छह में पढ़ती है। सोमवार सुबह वह पेपर देने जा रही थी। इस बीच रास्ते में एक किशोर ने उससे छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर उसने छात्रा को काट लिया था। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। पेपर देकर आने के बाद छात्रा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी थी। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया था। सोमवार देर शाम छात्रा के परिजनों की तरफ से तहरीर दी गई थी। एसओ अजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर किशोर के खिलाफ छेड़छाड़ और पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है।