ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
बदमाशों ने गन्ना तौल केंद्र के चौकीदार और लोडर के चालक को बंधक बनाकर हजारों की नकदी, मोबाइल और बांट लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने चौकीदार को मारपीट कर घायल कर दिया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मामले में पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के करौंदी गांव में उत्तम शुगर मिल का तौल केंद्र है। यहां मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडावली निवासी मांगेराम चौकीदार और मेरठ के साहपुर निवासी राजेंद्र कुमार गन्ना लोडर चालक हैं। दोनों ने पुलिस को बताया कि रविवार रात तीन-चार बदमाश तौल केंद्र पहुंचे। सोते समय उन्होंने मांगेराम और राजेंद्र को डरा धमकाकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने 1500 रुपये, मोबाइल और पांच कुंतल के बांट लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिसमें मांगेराम घायल हो गए। लूटपाट के बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चौकीदार को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और चालक से जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।