अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर।
सुल्तानपुर में साप्ताहिक पाठ के ठेके से मिले करीब 11 लाख रुपये तत्कालीन प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने हजम कर ली। गांव के ही एक व्यक्ति को सूचना के अधिकार के तहत यह जानकारी मिली।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सप्ताह में दो बार साप्ताहिक पीठ लगाई जाती है। इसके लिए ग्राम पंचायत की ओर से हर वर्ष ठेका कराया जाता है। कुछ दिनों पहले गांव के ही अमीरुल हसन पुत्र असगर हसन ने सूचना अधिकार के तहत पीठ बाजार की नीलामी से संबंधित जानकारी मांगी थी। विभाग की ओर से उपलब्ध सूचना के अनुसार पंचायत को वर्ष 2011 में नीलामी से 6 लाख, 36 हजार 500 रुपये, वर्ष 2013 में दो लाख 87 हजार रुपये और वर्ष 2015 में ढाई लाख की आमदनी हुई। सूचना में यह जानकारी भी मिली कि तत्कालीन ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने पीठ बाजार के नाम पर मिली रकम को ग्राम पंचायत के खाते में जमा नहीं कराया। सूचना के अधिकार में जानकारी मिली कि पीठ बाजार के ठेके से मिले लगभग पौने 12 लाख तत्कालीन ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने लगभग 73 हजार रुपये पीठ लगने वाली जगह पर मिट़टी भराई में खर्च किए थे। जबकि 11 लाख की रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
इसके बाद अमीरुल हसन ने जिला पंचायत राज अधिकारी, एसडीएम और खंड विकास अधिकारी से शिकायत कर पूर्व ग्राम प्रधान और तत्कालीन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ 11 लाख रुपये रुपये गबन करने के मामले में कार्रवाई की मांग की है।
उधर इस बाबत वर्तमान ग्राम प्रधान तोइयबा का कहना है कि पूर्व ग्राम प्रधान और तत्कालीन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की ओर से पीठ बाजार के ठेके से मिली राशि को गांव की साफ सफाई में खर्च होना दिखाया गया है। उन्होंने धनराशि ग्राम पंचायत के खाते में जमा नहीं की।