अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर।
एक माह पहले प्रेमी संग फरार हुई युवती की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती के परिजन उसे दो दिन पहले ही तलाश कर घर वापस लाए थे। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बगैर युवती का शव दफना दिया। पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है। जबकि गांव में युवती की मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मिली जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के एक गांव की युवती की अपने एक रिश्तेदार के साथ आंखें चार हो गई। दोनों ने साथ जीने मरने की कस्बे खा डाली। दोनों के प्यार के चर्चे आम हुए तो परिजनों ने उनके ऊपर पहरा लगा दिया और युवती की जल्द से जल्द शादी करने के लिए रिश्ता ढूंढना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी लगने पर युवक व युवती ने घर छोड़ने की योजना बना डाली। करीब एक माह पहले मौका पाकर दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। युवती के घर से लापता होने पर युवती के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बगैर ही अपने रिश्तेदारों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक परिजनों ने युवक और युवती को दो दिन पहले देहरादून से ढूंढ लिया था। जहां से परिजनों ने युवक को डरा धमकाकर उसके घर भेज दिया था और युवती को लेकर घर वापस आ गए थे। लेकिन जिस रात को परिजन युवती को लेकर घर आए उसी रात युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अगले दिन जब इसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों को लगी तो ग्रामीण मौके पर इकठ्ठा हो गए, लेकिन परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना ही शव दफना दिया। उधर कोतवाल टीएस राणा का कहना है कि उन्हें युवती की मौत की कोई जानकारी नही मिली है।