ब्यूरो/अमर उजाला, खानपुर
पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम के सामने हुए संघर्ष के मामले में पीड़ित ने चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खानपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत में ग्राम सभा की लगभग 500 बीघा भूमि और सोलानी नदी के पास भी भूमि पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा किया है। हाईकोर्ट ने इस मामले में हरिद्वार प्रशासन को सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के आदेश दिए थे। विगत शनिवार से राजस्व टीम ने अब्दीपुर गांव पहुंचकर पैमाइश शुरू की। ताकि अतिक्रमण का चिह्नीकरण किया जा सके। सोमवार को भी राजस्व टीम अब्दीपुर पहुंची। इस बीच एक पक्ष के कई लोगों ने अब्दीपुर गांव के महिपाल सिंह और उसके भतीजे को मारपीट कर घायल कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद राजस्व टीम के साथ धक्कामुक्की और बदसलूकी की गई थी। इस पर टीम ने पैमाइश बंद कर दी थी। महिपाल सिंह ने विक्की पुत्र शेर सिंह, विश्वास पुत्र दलमीरा, बबलू उर्फ शिवकुमार और कुशलपाल पुत्रगण यशपाल हाल निवासी गोवर्धनपुर के खिलाफ गाली गलौज करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। खानपुर थानाध्यक्ष दिलमोहन सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सभी चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रशासन की तहरीर पर नहीं हुई कोई कार्रवाई
इस मामले में राजस्व विभाग ने भी सोमवार को ही कुछ लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। लेकिन, खानपुर थानाध्यक्ष दिलमोहन सिंह का कहना है। कि राजस्व विभाग ने शिकायत की है। अब तक तहरीर नहीं मिली है। उधर, उपजिलाधिकारी लक्सर सोहन सिंह ने बताया कि पैमाइश के दौरान राजस्व टीम से बदसलूकी करने के मामले में कानूनगो ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।